नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी ही देर में ‘सेवा ही संगठन’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करने वाले हैं। इस दौरान भाजपा प्रदेश इकाइयां जनसेवा कार्यों और संपर्क कार्यक्रम पर पीएम नरेंद्र मोदी को अपना रिपोर्ट कार्ड सौंपेंगी। बातचीत से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र की सेवा करना सबसे पहला धर्म है। इस मुश्किल वक्त में पार्टी कार्यकर्ता सराहनीय पहल करते हुए जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए देश की सेवा सर्वोपरि है।
22 करोड़ फूड पैकेट पहुंचाए
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने 22 करोड़ फूड पैकेट लोगों तक पहुंचाए। यही नहीं कार्यकर्ताओं ने पांच करोड़ राशन किट भी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का काम किया। यह राशन किट मोदी किट के नाम से चर्चित हुआ। इस पहल के तहत लोगों को 15 दिन का राशन, 20 दिन का राशन और 30 दिन का राशन पहुंचाया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। यह कार्यक्रम वर्चुअल होगा और पार्टी के डिजिटल प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। बता दें कि 30 मई को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ थी। इसे मनाने के लिए पार्टी ने 61 से ज्यादा वर्चुअल रैलियां कीं जिसमें 11.49 करोड़ लोगों ने भाग लिया। यही नहीं सरकार के पहले साल की उपलब्धियों को प्रचारित करने के लिए पार्टी के घर-घर अभियान में कार्यकर्ताओं ने 5.41 करोड़ लोगों से संपर्क भी किया।